ठठिया। घर के बाहर शौच करने गई किशोरी को दो युवकों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने किशोरी से मारपीट की। परिजनों ने उसे एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रविवार को पॉक्सो के तहत दो युवकों पर प्राथमिकी दर्ज की।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार रात 11.30 बजे 16 वर्षीय पुत्री घर से निकलकर दरवाजे के सामने शौच करने गई थी। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद गांव के ही दीपक और अन्नू ने किशोरी को जबरन पकड़ लिया और उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया। आरोपियों ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने किशोरी से मारपीट की।
खोजबीन के दौरान किशोरी घर से 100 मीटर की दूरी पर बेहोशी की हालत में मिली। परिजनों ने एंबुलेंस से उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उसका इलाज कराया। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो युवकों पर पॉक्सो के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।