संवाद न्यूज एजेंसी
तिर्वा। वकीलों के चेंबरों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को सीसीटीवी की मदद से पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया। चेंबरों में चोरी करने वाला किशोर है, जिसे पुलिस ने बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है ।
रविवार रात तहसील परिसर में छह वकीलों के चेंबरों का ताला तोड़कर सामान चोरी किया गया था। सोमवार सुबह तहसील पहुंचे वकील ताला टूटा देखकर आक्रोशित हो गए और जाम लगाकर तहसील प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की थी। आला अफसरों ने मौके पर पहुंचकर 24 घंटे में चोरियों का राजफाश करने का आश्वासन दिया था। पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो एक किशोर रात 12 बजे तहसील में जाते हुए दिखाई दिया था। पुलिस ने फुटेज के आधार पर किशोर की तलाश की और उसे गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि किशोर बहादुरपुर गांव का रहने वाला है और उसके पास से चोरी की गई बैटरी व प्रिंटर बरामद किया गया है। किशोर ने बताया कि पहले वह शनिवार को चोरी करने के लिए गया था और एक चेंबर का ताला तोड़ा तो उसमें कुछ नहीं मिला। रविवार को दोबारा पहुंचा और पांच चेंबरों के ताले तोड़े। मौके से जो सामान मिला उसे साइकिल से लेकर फरार हो गया था।
किशोर पर पहले से वारदात को अंजाम देने का आरोप
कोतवाल ने बताया कि आरोपित किशोर क्षेत्र में पहले भी दो चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका है। कहा कि पिछले साल अक्तूबर में किशोर ने कस्बे के कालिका नगर मोहल्ले में एक बंद मकान की खिड़की तोड़कर घर में रखे जेवरात चोरी कर लिए थे। इसके अलावा गांव में लगी समर चोरी के आरोप में भी पकड़ा जा चुका है।