छेड़छाड़ पर किशोरी ने दो वार्ड ब्वाय को चप्पल से पीटा
-नशे में धुत दो वार्ड ब्वाय ने अकेला देखकर किशोरी से की छेड़खानी
संवाद न्यूज एजेंसी
तिर्वा। घायल पिता की मां के साथ अस्पताल में देखभाल कर रही किशोरी को नशे में धुत दो वार्ड ब्वाय ने अकेला देखकर छेड़खानी कर दी। विरोध करने पर उसे खींच कर ले जाने लगे। तब किशोरी ने चप्पल उतार कर दोनों की पिटाई शुरू कर दी। शोरगुल सुनकर कर्मचारी और मरीजों के परिजन पहुंच गए। सूचना पर पहुंची यूपी 112 डायल पुलिस को देखकर दोनों वार्ड ब्वाय भाग निकले। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव में रहने वाले किसान को रंजिश के चलते कुछ लोगों ने बेरहमी से पीट दिया था। गंभीर रुप से घायल होने पर किसान की पत्नी और 16 वर्षीय बेटी ने मेडिकल कालेज में भर्ती कराया था। रात करीब 12 बजे शराब के नशे में दो वार्ड ब्वाय पहुंचे और किशोरी को देखकर पहले अश्लील हरकतें करने लगे। इस पर किशोरी वार्ड से बाहर आकर इमरजेंसी के सामने बैठ गई। पीड़िता ने बताया कि थोड़ी ही देर बाद दोनों वहां भी पहुंच गए और छेड़खानी करने लगे। विरोध करने पर दोनों युवक उसे खींचकर ले जाने लगे। तब हिम्मत जुटाकर अपनी चप्पल उतार ली और दोनों चिल्लाते हुए पीटने लगीं। आवाज सुनकर मौके पर गार्ड और कर्मचारियों के अलावा भर्ती मरीजों के परिजन पहुंच गए। पीड़िता की मां ने यूपी 112 डायल कर सूचना दी। पर पुलिस के पहुंचने पर दोनों आरोपी भाग निकले। सीएमएस डॉ. दिलीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अगर घटना सही है तो वार्ड ब्वाय के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं कोतवाल इंद्रपाल सरोज ने बताया कि किशोरी की शिकायत पर आरोपियों को तलाश की जा रही है। पीड़िता के परिजनों से तहरीर मांगी गई है। तहरीर मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा।
----------------------------------
फोटो-02 मेडिकल कालेज में इमरजेंसी में भर्ती घायल सत्यप्रकाश। संवाद
अनियंत्रित बाइक सांड़ से टकराई, दो घायल
तिर्वा। एक्सप्रेस वे पर अनियंत्रित बाइक सांड़ से टकरा गई। इसमें दो लोग घायल हो गए। हादसे के समय युवक हेलमेट नहीं लगाए थे। जिसके चलते चोट अधिक लगी है। बहराइच के थाना केसरगंज गांव हरनौ नौरा निवासी सत्यप्रकाश पुत्र रामसागर व ठेकेदार पुत्र संतराम बाइक से गांव से गाजियाबाद निजी काम से आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे होते हुए गाजियाबाद जा रहे थे। जैसे ही बाइक कोतवाली के वनपुरा गांव समीप पहुंची तो सांड से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। बाइक सवार दोनों लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची यूपीडा एंबुलेंस ने उन्हें मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। यहां सत्यप्रकाश की हालत गंभीर देख उसे लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। (संवाद)