हसेरन/इंदरगढ़। क्षेत्र के पट्टी हसेरन गांव में छेड़छाड़ व धमकी से परेशान होकर 15 वर्षीय किशोरी ने मंगलवार को जान दे दी। परिजन का आरोप है कि गांव के ही कुछ युवकों द्वारा लगातार परेशान और बेइज्जत किए जाने से आहत होकर किशोरी ने यह कदम उठाया। पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर चार युवकों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाक्षेत्र के पट्टी हसेरन गांव निवासी पिता ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि सात सितंबर की रात आठ बजे गांव के विवेक, अंकुश, प्रशांत और अनुज उनके घर आए और उनकी पुत्री (15) को बाहर बुलाने को कहा। आरोप है कि मौके पर ही पुत्री पर गलत आरोप लगाकर उसे बेइज्जत किया गया। परिजन का कहना है कि आरोपी पहले भी पुत्री को परेशान कर धमकाते थे। इससे क्षुब्ध होकर पुत्री ने कमरे में पंखे के सहारे साड़ी के फंदे से लटककर जान दे दी।
तहरीर में एक अन्य नंबर से विशाल राजपूत नामक युवक द्वारा मोबाइल कॉल कर परेशान करने का भी जिक्र किया गया है। पीड़ित पिता ने बताया कि घटना के बाद आरोपी पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष विनोद कश्यप ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। विधिक कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।