ठठिया। किशोरी को मोबाइल पर कॉल करना और अश्लील मैसेज कर परेशान करने तथा धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने किशोरी के पिता की तहरीर के आधार पर मंगलवार को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि कुछ माह पहले बेटी की मुलाकात कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाले मोहम्मद आलम से हुई थी। आरोप है कि आलम ने धोखे से उसकी एक सहेली से बेटी का मोबाइल नंबर ले लिया और पढ़ाई का बहाना बनाकर रोजाना कॉल व अश्लील मैसेज भेजने लगा। बेटी ने इसका विरोध किया तो भी वह पीछा करता रहा। इंटरमीडिएट की परीक्षा पास करने के बाद जब बेटी का दाखिला तिर्वा के एक कॉलेज में हुआ। तब भी आरोपी वहां छुट्टी के समय उसे रोकता और कोचिंग चलने का बहाना बनाकर बात करता।
एक दिन आरोपी ने किशोरी को ठठिया चलने की बात कही। उस पर भरोसा कर बेटी बाइक पर बैठ गई। ठठिया मंडी के पास पट्टी के सर्विस रोड पर उसने चाकू की नोक पर अश्लील हरकत की और जान से मारने की धमकी देकर छोड़ दिया। बदनामी के डर से यह बात नहीं बताई। वह जब आरोपी के घर शिकायत लेकर गए तो आलम के पिता और भाई नवी आलम ने धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। विरोध करने पर मारपीट की और बेटी को गायब करने की धमकी दी। थानाध्यक्ष जेपी शर्मा ने बताया कि आरोपी मोहम्मद आलम, पिता व भाई के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।