सौरिख। फेरी लगाकर घर लौट रहे साइकिल सवार किशोर से रविवार को रास्ते में तीन युवकों ने नकदी व सामान लूट लिया। किशोर ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कार्रवाई कर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
सुभाष नगर निवासी विशाल (15) साइकिल से गांव-गांव जाकर दरी, चादर, तकिया व अन्य कपड़े बेचता है। शाम छह बजे गांवों से फेरी लगाकर विशाल घर लौट रहा था। ग्राम अलीपुर रोड पर तीन युवकों ने विशाल को रोक लिया और मारपीट करते हुए नकदी व अन्य सामान छीन लिया। विशाल ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। लूट की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए दो युवकों को हिरासत में ले लिया, लेकिन लूट का सामान बरामद नहीं कर पाई। थाना प्रभारी जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। किशोर से कहासुनी हुई थी, लूट की सूचना गलत है।