विशुनगढ़(कन्नौज)। तीन दिन से लापता किसान का शव कब्रिस्तान के पास मिला है। मृतक के गले में फंदा पड़ा था। घुटने जमीन को छू रहे थे। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस के साथ ही डाग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच पड़ताल की। शव तीन दिन पुराना बताया गया है। मामला हत्या और आत्महत्या में उलझा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल जांच की जा रही है।
सोमवार को क्षेत्र के ग्राम धीरपुर निवासी विजयभान उर्फ डिप्टी यादव (50) पुत्र लाखन सिंह का शव सरदामई के कब्रिस्तान के पास मिला। विजयभान के गले में फांसी का फंदा पड़ा था। इसका एक सिरा पेड़ से बंधा था। घुटने जमीन को छू रहे थ्रे। जानकारी पर प्रभारी निरीक्षक इंद्रपाल सरोज मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों से पूछताछ की। कुछ देर में सीओ तिर्वा सुबोध कुमार जायसवाल, डॉग स्क्वॉड, फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई। शव को तीन दिन पुराना बताया गया है। पुलिस का मानना है कि शव वजन के कारण भी जमीन तक आ सकता है। मौत कैसे हुई, इसकी जानकारी पोस्टमार्टम के बाद होगी। घटना के पीछे की वजह पता करने के लिए जांच की जा रही है।
मृतक विजयभान के ससुर बाबूराम यादव निवासी अलापुर थाना ठठिया व पुत्र विवेक कुमार ने हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक इंद्रपाल सरोज ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
ब्याज पर पैसे देते थे विजयभान
ग्रामीणों ने दबी जुबान से बताया कि विजयभान आर्थिक रूप से मजबूत थे। बेटे की शादी हो चुकी है। वह ग्रामीणों को ब्याज पर पैसे देते थे। कुछ ग्रामीणों ने अंदेशा जाहिर किया कि रुपये न लौटाने के लिए भी हत्या हो सकती है।
खेत में घूमने के बाद लौट आया खोजी कुत्ता
शव मिलने की सूचना पर पहुंचा खोजी कुत्ता शव के आसपास घूमने के बाद खेतों की तरफ कुछ दूर तक गया। इसके बाद वह लौट आया।
एक दिन पहले दर्ज हुई थी गुमशुदगी
परिजनों ने बताया कि विजयभान उर्फ डिप्टी यादव 18 अक्तूबर को घर से लापता हुए थे। काफी तलाश करने के बाद भी पता नहीं चल सका। इस पर पत्नी शशि देवी ने रविवार को विशुनगढ़ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।