कन्नौज। माध्यमिक शिक्षक संघ चंदेल गुट ने डीआईओएस कार्यालय का घेराव कर समस्याओं के निस्तारण की मांग उठाई है। डीआईओएस को चेतावनी दी गई कि 15 दिसंबर तक लंबित प्रकरणों का निस्तारण कर दिया जाए। समस्या के हल न होने पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
डीआईओएस को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि उच्च न्यायालय के निर्णय के बावजूद महात्मा गांधी इंटर कालेज मढ़पुरा के स्टॉफ को 12 दिन के वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। सरदार पटेल इंटर कालेज के प्रवक्ता ज्ञानेंद्र कुमार का चयन वेतनमान नहीं लगाया जा रहा है। जेपी गर्ल्स इंटर कालेज की शिक्षिका नेहा कनौजिया को नियुक्ति समय अप्रैल 2017 का भुगतान नहीं हो सका है। जिले के शिक्षकों की जायज मांगों व समस्याओं के निस्तारण के लिए समय नहीं दिया जाता है। कार्यालय के कर्मचारी समस्याओं के निस्तारण के प्रति उदासीन हैं। ऐसी स्थिति में संघ के पदाधिकारियों के पास कार्यालय घेराव का विकल्प बचा है।
डीआईओएस से मांग की गई है कि लंबित प्रकरणों पर विचार करते हुए जल्द निराकरण कराया जाए। अन्यथा की स्थिति में शिक्षक माह की अंतिम तारीख को दोबारा घेराव करने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर प्रदेशीय मंत्री श्रीकृष्ण यादव, महेंद्र कुमार, रवींद्र कुमार, मनेश्वर सिंह,चंद्रवीर सिंह, सुनील कुमार, धीरेंद्र कुमार सरोज, ज्योत्सना मिश्रा, शोभित कुमार कटियार, रवींद्र बाबू, केके बाजपेयी, मुकेश कुमार दीक्षित, राजेश कुमार दुबे, केके सिंह, मसरूर अहमद, आनंद बाबू, विजय यादव, अंकित यादव, राकेश चंद्र, योगेंद्र सिंह तोमर, ब्रजेश कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।