ग्राम न्यायालय का निरीक्षण करते जिला जज प्रवीण कुमार जैन व अन्य। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा। मार्च के पहले हफ्ते में तहसील में ग्राम न्यायालय को शुरू कर दिया जाएगा। इससे किसानों को भूमि व पारिवारिक विवाद के मामलों में जिला मुख्यालय तक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। उन्हें अपने तहसील स्तर पर न्याय मिल सकेगा।
तहसील स्तर पर ग्राम न्यायालय खोलने की चल रही कवायद जल्द अब रंग लाने की उम्मीद पर है। ग्राम न्यायालय खोलने की मांग पर तहसील प्रशासन ने पिछले साल ही तहसील का एक कमरा निर्धारित कर न्यायालय में प्रयोग आने वाले फर्नीचर को तैयार करा दिया था। रविवार को जिला जज प्रवीण कुमार जैन ने न्यायालय संचालित के लिए तहसील प्रशासन के चिंह्नित कमरे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां पर सभी व्यवस्था की जानकारी ली। छोटी-छोटी कमियों को जल्द दूर करने की बात कही। उन्होंने मार्च के पहले सप्ताह में ग्राम न्यायालय शुरू कराने की बात कही। एसडीएम जयकरन ने बताया कि जिला जज ने ग्राम न्यायालय शुरू कराने के लिए जगह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्च में शुरू कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर नायब तहसीलदार मोहित लाल वर्मा, वकील बृजेश शुक्ला मौजूद रहे।