सौरिख में 33 केवी नया बिजलीघर बुधवार से चालू हो गया। उधर, क्षमतावृद्धि कार्य के लिए हसेरन सब स्टेशन से जुड़े फीडरों की बिजली गुरुवार को पूरे दिन बंद रहेगी। सौरिख में 33 केवी पुराना सब स्टेशन आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के रास्ते में आ रहा था। यहां पांच और आठ एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगे थे। एक्सप्रेस वे के पास में ही दूसरी जगह 33 केवी नया सब स्टेशन बनाने का काम आनन-फानन शुरू कर दिया गया।
एक्सईएन आरएन वर्मा ने बताया कि क्षमतावृद्धि करके यहां 10 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। एक जून से नए सब स्टेशन ने कार्य प्रारंभ कर दिया है। उन्होंने बताया कि 33 केवी सब स्टेशन हसेरन में शेरपुर फीडर काफी ओवरलोड है। इसे दो फीडरों में बांटकर नादेमऊ के नाम से दूसरा फीडर बनाया गया है। सौरिख में आठ एमवीए ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इसके लिए दो जून को इस क्षेत्र के फीडरों की विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी।
उन्होंने बताया कि छिबरामऊ में 33 केवी पुराने सब स्टेशन में अर्थिंग ठीक नहीं होने से प्रेमपुर फीडर का ट्रांसफार्मर बार-बार गरम हो जाता था। इस समस्या के समाधान के लिए बुधवार को 80 फीट गहरी दो बोरिंग करवाकर इसकी अर्थिंग से ट्रांसफार्मर को जोड़ दिया गया है।