गुरसहायगंज(कन्नौज)। शादी समारोह में गेस्ट हाउस के बाहर गाड़ी खड़ी करने को लेकर फर्रुखाबाद क्षेत्र के विधायक के समर्थक और जलालाबाद के पूर्व ब्लाक प्रमुख के समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट में तीन समर्थक घायल हो गए। पुलिस को देखते ही दोनों पक्ष के समर्थक भाग गए।
कोतवाली क्षेत्र के पकरा निवासी शैलेंद्र सिंह चौहान की पुत्री का विवाह रविवार को कस्बे के तिर्वा रोड स्थित गेस्ट हाउस में था। इसमें फर्रुखाबाद क्षेत्र के एक विधायक के समर्थक वर पक्ष की ओर से आए थे। जलालाबाद के पूर्व ब्लाक प्रमुख के भाई कन्या पक्ष की ओर से शामिल होने आए थे। गेस्ट हाउस के बाहर गाड़ी खड़ी करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
मामले के तूल पकड़ने पर मारपीट हो गई। इसमें कन्या पक्ष के संजीव सिंह सहित तीन लोग घायल हो गए। कार्यक्रम स्थल के बाहर मारपीट की घटना से विवाह स्थल पर हड़कंप मच गया। पुलिस पहुंच गई। इससे पहले लोगों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया।