हसेरन। सौरिख क्षेत्र के कस्बा नादेमऊ में गृह क्लेश से तंग युवक ने शादी के पटके से फांसी लगा ली। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
सौरिख क्षेत्र के कस्बा नादेमऊ निवासी प्रेमकमल उर्फ मिक्की (27) की शादी पांच माह पहले ग्राम कटरा बासर थाना तिर्वा निवासी आरती के साथ हुई थी। परिजनों की मानें तो युवक शराब का लती था। गुरुवार की देर रात युवक ने कमरे में शादी के पटके से फांसी लगा ली। जब पत्नी और भाई ने शव को देखा तो नीचे उतार लिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पाकर युवक के ससुराल पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके पिता की कैंसर से एक साल पहले मौत हो गई थी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही युवक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।