किसान सुरेंद्र सिंह की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
नजरापुर /कन्नौज। बारिश से हुई फसल की बर्बादी देखकर किसान की खेत पर ही हार्ट अटैक से मौत हो गई। बताया गया कि किसान क्रेडिट कार्ड और कोऑपरेटिव बैंक से कर्जा लेकर किसान ने करीब 80 बीघा आलू की फसल की थी।
सदर तहसील क्षेत्र के मीरपुर गांव सुरेंद्र सिंह (48) हर साल बड़े पैमाने पर आलू की खेती करते थे। इस बार भी पैतृक जमीन पर 80 बीघा आलू की बुवाई की थी। राजेंद्र और रोहित ने बताया कि बुवाई के समय हुए नुकसान के बाद पिता सुरेंद्र ने किसान क्रेडिट कार्ड से एक लाख 93 हजार रुपये और कोऑपरेटिव बैंक से करीब 70 हजार रुपये का कर्ज लिया था। रविवार शाम तक हुई बारिश से फसल में नुकसान देखने के लिए सोमवार सुबह करीब आठ बजे वे खेतों की ओर गए थे। बर्बाद आलू की फसल देखकर दिल का दौड़ा पड़ गया और सुरेंद्र की मौके पर मौत हो गई। दोपहर करीब एक बजे तक घर न लौटने पर परिजन तलाश करते हुए खेत पर पहुंचे, वहां शव देखते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए।
राजेंद्र और रोहित ने बताया कि कर्ज लेकर पिता ने फसल तैयार की थी। एक बार बारिश से फसल नष्ट होने का सदमा उन्होंने बर्दाश्त कर लिया था। दोबारा नुकसान देख पिता की सदमे से मौत हो गई। क्षेत्रीय लेखपाल देवेंद्र कुमार ने बताया कि दिल का दौरा पड़ने से मौत की बात सामने आ रही है। परिजनों से पोस्टमार्टम कराने की अपील की गई है।