जलालाबाद। बुखार से पीड़ित छात्रा की मौत को लेकर परिजनों ने बुधवार को झोलाछाप पर गलत इलाज का आरोप लगाया। घटना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की शिकायत पुलिस व स्वास्थ्य विभाग से नहीं की गई है।
कोतवाली गुरसहायगंज क्षेत्र के गांव नेकपुर कायस्थ निवासी रामविलास मुंबई में रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। घर पर उनकी 11 वर्षीय पुत्री मनीषा मां के साथ रहती थी। वह गांव के ही उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा छह की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार मनीषा को एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। मां ने मनीषा का इलाज जलालाबाद जेल क्रासिंग के पास एक झोलाछाप के पास कराया।
हालत बिगड़ने पर मां तिर्वा के निजी अस्पताल ले गई। दवा लेकर घर लौटने पर छात्रा की मौत हो गई। घटना की सूचना छात्रा के पिता राम विलास को दी गई। परिजनों के अनुसार घर में अन्य कोई जिम्मेदार नहीं है, इसलिए रामविलास के आने पर ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार अवस्थी ने बताया कि किसी ने पुलिस को इस तरह की घटना की सूचना नहीं दी है। वहीं, एसीएमओ डॉ. बृजेश शुक्ल ने बताया कि परिजनों ने शिकायत नहीं की है। फिर भी जलालाबाद एमओआईसी को भेजकर घटना की जांच कराई जाएगी।