छिबरामऊ। ग्राम खुबरियापुर में नल से पानी भरने को लेकर दो पक्षों के बीच गालीगलौज के बाद जमकर पथराव हुआ। पथराव में महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी है। पुलिस ने सभी घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सौ शय्या अस्पताल भेजा।
ग्राम खुबरियापुर में सरकारी हैंडपंप से पानी भरने को लेकर गांव के ही महावीर सिंह व कमलेश सिंह के परिजनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर बाद दोनों पक्षों के बीच गालीगलौज और पथराव होने लगा। पथराव में सिंटू, डोली, उपासना व शोभा के अलावा उपासना की भाभी चुटहिल हो गईं। पथराव से गांव में भगदड़ मच गई। इसी बीच किसी ग्रामीण ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों का शांत करवाया तथा कोतवाली ले आए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है।