सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के केंद्रीय
मंत्री कलराज मिश्र ने शनिवार को सुगंध एवं सुरस विकास केंद्र का भ्रमण कर
केंद्र के नए द्वार का उद्घाटन किया और मणिपुर से आकर ट्रेनिंग ले रहे
प्रशिक्षणार्थियों से जानकारियां हासिल कीं। प्रशिक्षणार्थियों से एक-एक
करके उन्होंने वार्ता की। सुगंधित खेती, लागत, उत्पादन, आय आदि के बारे में
पूछताछ की।
बाद में पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहा कि मोदी सरकार
मेक इन इंडिया के तहत सबका साथ सबका विकास नीति पर काम कर रही है। इससे
छोटे किसानों से लेकर बड़ों तक का उद्धार होगा। इत्र उद्योग को बढ़ावा देने
के लिए किसानों को भी इससे जोड़ा जाएगा। कहा कि खेतों में इत्र उद्योग से
जुड़ीं फसलों का उत्पादन कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।
कहा कि सपा
सरकार में अराजकता बढ़ी है। हर तरफ आपराधिक घटनाओं का बोलबाला है। कन्नौज
इसका उदाहरण है। इसी के तहत सुब्रत पाठक समेत तमाम भाजपाइयों को जेल की हवा
खानी पड़ रही है। इस बार सपा सरकार का प्रदेश से सफाया होगा। राम मंदिर
निर्माण के मुद्दे पर कहा कि अयोध्या में भगवान राम के मंदिर का निर्माण
होगा।
इसके लिए आम सहमति व कोर्ट के आदेश का इंतजार है। दो तिहाई बहुमत
मिलने के बाद राम मंदिर निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। इससे पूर्व अपर
सचिव एवं विकास आयुक्त एमएसएमई एवं चेयरमैन एफएफडीसी सुरेंद्र नाथ
त्रिपाठी, एफएफडीसी के प्रधान निदेशक शक्ति विनय शुक्ला ने उनका स्वागत
किया।
उन्होंने उनके साथ एफएफडीसी की गतिविधियों व क्रियाकलापों पर चर्चा
की। उन्होंने कहा कि स्किल इंडिया और जीरो इफेक्ट जीरो डिफेक्ट की राह पर
चलते हुए एफएफडीसी को देश के दूर-दूर स्थानों तक पहुंचाना चाहिए। केंद्रीय
मंत्री के आगमन पर भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत, व्यापारी
नेता अनिल गुप्ता आदि ने जिले की सीमा पर पहुंचकर उनका स्वागत किया।