हसेरन विकास खंड में सपा द्वारा घोषित प्रत्याशी
रंजीत शंखवार के नामांकन के बाद सपाइयों का एक खेमा उनके विरोध में कूद
पड़ा। विरोधियों का कहना था कि घोषित प्रत्याशी भाजपा के अनुसूचित मोर्चा
हसेरन मंडल के अध्यक्ष हैं। उनके समर्थन में वह किसी भी तरह का सहयोग नहीं
करेंगे।
इस असंतुष्ट गुट को मनाने के लिए प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा
राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल व हसेरन के ब्लाक प्रमुख दिगंबर सिंह यादव एक
साथ मिलकर प्रयास करते रहे। पूरी रात चली कवायद के बाद भी असंतुष्ट खेमा
नहीं माना। इस असंतुष्ट सपाई गुट ने सपा के पूर्व में घोषित प्रत्याशी
उमाशंकर बेरिया को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया।
उधर, असंतुष्टों को मनाने
के लिए सपा के जिलाध्यक्ष मुन्ना दारोगा, पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह
यादव, सदर विधायक अनिल दोहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष के पति संजू कटियार भी
हसेरन पहुंच गए। काफी देर तक पंचायत चली पर असंतुष्ट गुट टस से मस नहीं
हुआ। असंतुष्ट गुट ने सपा नेताओं के समक्ष 45 से अधिक क्षेत्र पंचायत
सदस्यों की परेड भी करा दी।
60 में से 45 सदस्यों को उमाशंकर बेरिया के
पक्ष में देख राज्यमंत्री व दिगंबर सिंह यादव और पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब
सिंह ने भी हथियार डाल दिए। देर रात में सहमति बनी कि सुबह नामांकन करने
वाले सपा के चारों नेताओं के नामांकन पत्र उमा शंकर बेरिया के समर्थन में
वापस लिए जाएं।
शनिवार को दोपहर 11 बजे राज्यमंत्री के नेतृत्व में ब्लाक
प्रमुख दिगंबर सिंह, इंजीनियर अनिल पाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शरद यादव,
हसेरन के पूर्व ब्लाक प्रमुख उदय राजपूत विकास खंड परिसर में पहुंचे।
11:30 बजे निर्वाचन अधिकारी के समक्ष पहुंचकर सुरजीत बेरिया, रंजीत शंखवार,
प्रेमा देवी बेरिया व अंकिता बेरिया ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया।
इस तरह उमा शंकर बेरिया के निर्विरोध ब्लाक प्रमुख बनने का रास्ता साफ हो
गया।
इसके बाद तमाम सपा कार्यकर्ताओं व उनके समर्थक क्षेत्र पंचायत सदस्यों
ने उमाशंकर बेरिया का माल्यार्पण किया। मिठाई बांटकर खुशी जताई। इस
मौके पर उमाशंकर बेरिया ने कहा कि उनके निर्विरोध चुने जाने का श्रेय वह
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव को देते हैं।
हसेरन विकास खंड
क्षेत्र के सपा नेताओं ने उनके प्रति जो विश्वास जताया, उसके लिए वह सभी
सपा नेताओं व क्षेत्र पंचायत सदस्यों को विश्वास दिलाते हैं कि अपने पूरे
कार्यकाल में ईमानदारी व निष्ठा के साथ विकास कार्य कराएंगे।