कन्नौज/सौरिख। बुधवार सीजन का सबसे सर्द दिन दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान अभी तक के सबसे निचले स्तर 12.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी 8.6 रहा। बढ़ी ठंड ने एक किसान की जान ले ली। उधर, पूरे दिन सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। लोग लकड़ी और कूड़ा जलाकर अलाव तापते मिले। वहीं, गर्म कपड़ों की दुकानों पर भीड़ लगी रही।
सौरिख के ग्राम वैगवां निवासी वेदप्रकाश (55) पुत्र रामसनेही मंगलवार की रात को अपनी गेहूं की फसल में पानी लगाने के लिए सबमर्सिबल पर गए थे। काफी इंतजार करने के बाद भी जब उसने पानी नहीं मिला तो वह लड़खड़ाते कदमों से रात करीब 12 बजे अपने घर पहुुंचे और परिजनों को सर्दी लगने की बात बताई। तभी अचानक वह जमीन पर गिर पड़े। जब तक परिजन कुछ समझ पाते, जब तक वेदप्रकाश की मौत हो गई। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। उसके शव पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वेदप्रकाश के पास चार बीघा जमीन है। उसके चार संतानें हैं, जिसमें एक पुत्र व एक पुत्री की शादी हो चुकी है। मामले की जानकारी पाकर राजस्व निरीक्षण रामवीर सिंह मौके पर पहुंच गए और मामले की जानकारी ली। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए पुलिस को सूचना दी।
उधर, बुधवार को अधिकतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस गिरकर 12.6 पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी तीन डिग्री सेल्सियस गिरकर 8.6 दर्ज किया गया। सर्द हवा के झोकों से लोग पूरे दिन परेशान रहे। मंडी समिति में किसान अनाज से निकली गंदगी जला कर सर्दी से बचाव करते दिखे। रोडवेज बस स्टॉप पर अलाव जलता दिखा। सुबह के समय बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे। बुधवार को सर्दी अधिक हो जाने से गर्म कपड़ों की दुकानों पर खरीदारों की खासी भीड़ लगी रही। जाकेट से लेकर स्वेटर लोग खरीदते दिखे। गर्म कपड़ों के विक्रेता अनिल कुमार ने बताया कि बीते तीन दिनों से उनकी दुकान पर ग्राहकों की खासी भीड़ लग रही है। यही हाल शहर के एसबीएस कालेज खेल मैदान में लगी प्रदर्शनी का रहा। यहां पर भी ऊनी कपड़ों को खरीदने के लिए दुकानों पर भीड़ लगी रही।