तिर्वा। तिघरा में मंगलवार को बहू ने सास के साथ मारपीट कर दी। सास ने जब पुलिस से शिकायत की तो बहू ने दोबारा मारपीट कर सास को घर से बाहर निकाल दिया। पीड़ित वृद्धा ने पुलिस से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
कोतवाली के तिघरा गांव निवासी सूरजा देवी(65) पत्नी पन्नालाल ने बताया कि मेरा बेटा सरजन सिंह बाहर रहकर वाहन चलाता है। वह अपनी बहू के साथ रहती है। बहू ने मंगलवार को मेरे साथ मारपीट की। इसकी शिकायत मैंने पुलिस से की। शिकायत करने के बाद जब घर लौटी तो बहू नाराज थी। दूसरे दिन पुलिस जांच करने घर पहुंच आई। पुलिस ने बहू को समझाया। साथ ही भविष्य में दोबारा मारपीट करने पर कार्रवाई की बात कही। गुरुवार को बहू ने दोबारा मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। साथ ही अंदर से कमरा बंद कर लिया। इसके बाद कोतवाली पहुंची सूरजा देवी ने पुलिस को तहरीर देकर बहू के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि जांच के लिए दरोगा को भेजा गया है। बहू के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।