शहर की चूड़ी वाली गली के निकट युवक से जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। दीपावली के त्योहार को लेकर संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस का सख्त पहरा रहा। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पीएसी, कोतवाली पुलिस, महिला पुलिस और खुफिया टीम सक्रिय रही। इससे महिलाओं व युवतियों ने बिना किसी भय के खरीदारी की।
शुक्रवार को धनतेरस के अलावा छोटी दीपावली थी। इसकी वजह से अधिक लोग खरीदारी करने निकले। कुछ लोगों ने शुक्रवार को धनतेरस दोपहर तक होने से सुबह से खरीदारी शुरू कर दी। महिलाओं ने शृंगार के सामान के साथ नए कपड़े, गणेश-लक्ष्मी, नए बर्तन समेत घर की उपयोगी चीजें खरीदीं। सबसे अधिक भीड़ मिठाई और चूड़ी वाली गली में रही। यहां सामाजिक दूरी दरकिनार दिखी। भीड़ को देखते हुए वर्दी समेत सादे कपड़ों में महिला पुलिस की टीम तैनात रही। बिना किसी वजह के मार्केट में घुसे लोगों को शक के आधार पर बाहर कर दिया गया।
शहर के छोटे चौराहे, बड़े चौराहे, लाखन तिराहे, सरायमीरा, मकरंदनगर समेत शहर के प्रमुख स्थानों पर पीएसी व पुलिस तैनात रही। डीएम राकेश कुमार मिश्र व एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बाजार का निरीक्षण कर सुरक्षा व माहौल का जायजा लिया।