पालिका के ट्रैक्टर के आगे खड़े स्थानीय नागरिक व दुकानदार।
- फोटो : पालिका के ट्रैक्टर के आगे खड़े स्थानीय नागरिक व दुकानदार।
कन्नौज। तिर्वा रोड पर गोलकुआं चौराहे पर जब पालिका की जेसीबी नाले की सफाई के लिए मंगलवार को पहुंची तो स्थानीय लोगों और दुकानदारों का विरोध झेलना पड़ा। दुकानदारों की पालिका के सफाई निरीक्षक से नोकझोंक हुई तो एसआई ने सभी को जेल भेजने की धमकी दी। इसके आक्रोश और बढ़ गया। दुकानदारों का आरोप है कि पालिका ने रसूखदारों के दरवाजे पर नाली नहीं खोदी है, जिससे जलभराव की समस्या बनी हुई है।
तिर्वा रोड पर गोलकुआं से रेलवे पुल के किनारे पूर्वी छोर पर हल्की बरसात में ही सड़क जलमग्न हो जाती है। नालियों का पानी सड़क पर भरने से व्यापार प्रभावित हो रहा है। कई बार पूर्व में इसकी शिकायत की गई पर सुनवाई न होने से व्यापारियों व स्थानीय नागरिकों में रोष है। नगर पालिका की टीम जेसीबी व ट्रैक्टर लेकर नाली सफाई के लिए गोलकुआं चौराहे पर पहुंची। इस पर स्थानीय नागरिकों व दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना था कि रसूखदार व राजनीति से जुड़े लोगों के आवासों के बाहर नाली नहीं खोदी गई, नाली आधी अधूरी बनी है। इस कारण जल निकासी नहीं हो पाती है।
पहले भी समस्या से अवगत कराया पर सुनवाई नहीं हुई। नाली सफाई के नाम पर पालिकाकर्मी खानापूरी कर चले जाते हैं। दुकानदाराें द्वारा रखी गई पटिया भी साफ सफाई से टूट जाती हैं। पूरी नाली न बनी होने से जलभराव की समस्या से छुटकारा नहीं मिल पा रहा है। इस दौरान कई दुकानदारों ने पूरी नाली बनने के बाद ही सफाई की बात कहते हुए विरोध शुरू कर दिया। दुकानदारों का आरोप है कि मौके पर मौजूद पालिका के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक ओमप्रकाश चौधरी ने दुकानदारों को सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने पर एफआईआर दर्ज करवाकर जेल भिजवा देने की धमकी दी।
इस दौरान राम सजीवन, अनुज कुमार, पवन कुमार, कुलदीप सिंह, श्याम शुक्ला, राजू शुक्ला, दिलीप सक्सेना, राजीव चौहान, टिंकू गुप्ता, नितिन प्रजापति मौजूद रहे। अधिशासी अधिकारी श्यामेंद्र मोहन चौधरी ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। मौके पर जाकर वार्ता की जाएगी और पूरे नाले की सफाई होगी।