संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतें सुनते डीएम राकेश कुमार मिश्र और एसपी प्रशांत वर्मा।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ (कन्नौज)। संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम और एसपी अपने तेवर में दिखे। डीएम ने संपूर्ण समाधान दिवस में गैरहाजिर लेखपाल को निलंबित कर दिया। चकरोड से कब्जा न हटने पर राजस्व निरीक्षक को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है।
सोमवार को डीएम राकेश कुमार मिश्र और एसपी प्रशांत वर्मा ने शिकायतें सुनीं। संपूर्ण समाधान दिवस से अनुपस्थित लेखपाल कौशल पांडेय को निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा सौरिख देहात में चकरोड पर मुर्गी फार्म बनने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए राजस्व निरीक्षक सत्येंद्र शुक्ला को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई। तहसीलदार राजू कुमार को मामले की जांच कर लेखपाल राकेश वर्मा की रिपोर्ट गलत मिलने पर निलंबित करने के निर्देश दिए। डीएम राकेश कुमार मिश्र ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर लें। फरियादी को दोबारा न आना पड़े।
इस दौरान जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संगीता सिंह, एक्सईएन बिजली विभाग रवींद्र सिंह, ईओ छिबरामऊ सुरेंद्र कुमार केसरवानी सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।