सौरिख(कन्नौज)। रेट से महंगी शराब बेचने को लेकर बरातियों ने सेल्समैन को पीट दिया। मामले की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। बरातियों की पुलिस से भी नोकझोंक हुई। पुलिस ने घायल सेल्समैन को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेज दिया।
सकरावा रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में तालग्राम से बरात आई थी। बरात में शामिल युवक सकरावा रोड स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके से शराब लेने पहुंचा। शराब के पैसे अधिक बताने पर सेल्समैन की बराती से कहासुनी हो गई। सेल्समैन ने गाली-गलौज कर बराती को पीट दिया। घायल बराती ने गेस्ट हाउस पहुंचकर मामले की जानकारी साथी बरातियों को दी। कुछ ही देर में बरातियों का हुजूम ठेके पर पहुंच गया। तब तक सेल्समैन ने जाली को बंद कर मामले की जानकारी पुलिस को दे दी। पुलिस ने सेल्समैन को बाहर निकालने का प्रयास किया। इससे बरातियों और पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई।
कड़ी मशक्कत कर पुलिस ने सेल्समैन को सुरक्षित निकालकर थाने पहुंचाया। पुलिस वहां से हटी तो बरातियों ने बीयर शॉप पर पहुंचकर हंगामा किया। यहां पर मौजूद एक सेल्समैन को पकड़ कर उसकी धुनाई कर दी। मारपीट में सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की जानकारी पर पुलिस फिर मौके पर पहुंच गई। घायल सेल्समैन को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेज दिया गया। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष उमेश चंद्र चौरसिया ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।