कन्नौज। काम में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी और हसेरन के सीडीपीओ का वेतन रोक दिया। काम न करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों का वेतन रोकने की चेतावनी दी। कहा कि शासनादेश के अनुरूप कार्यवाही करें, अन्यथा की स्थिति में संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं होगी।
जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने कलक्ट्रेट सभागर में जनपद स्तरीय जिला पोषण समिति की बैठक ली। जनपद में लाल, पीली श्रेणी में आने वाले बच्चों के परिवारों का राशन कार्ड अभी तक न बनाए जाने पर जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी और संबंधित कर्मचारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्रों के विद्युतीकरण कार्य के प्रस्ताव तैयार कर तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कुपोषित, अतिकुपोषित बच्चों के परिवारों के शौचालयों, राशन कार्ड आदि की प्रगति की भी समीक्षा की। निर्देश दिए कि कुपोषित व अतिकुपोषित बच्चों के परिवार को शौचालय, मनरेगा जॉब कार्ड तथा राशन कार्ड अवश्य मुहैया कराएं। राशन का वितरण भी सुनिश्चित किया जाए। सभी सीडीपीओ से कुपोषण के संबंध में कार्यवाही की जानकारी ली। ग्राम स्तरीय एवं ब्लाक स्तरीय बैठकों के बारे में भी पूछा।
सीडीपीओ द्वारा संतोषजनक जवाब न देने पर कड़ी नाराजगी जताई। सीडीपीओ हसेरन के अनुपस्थित पाए जाने पर उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रेमप्रकाश त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. कृष्ण स्वरूप आदि अधिकारी मौजूद रहे।