जिला कार्यक्रम अधिकारी के कार्यालय में रजिस्टर चेक करते सीडीओ आरएन सिंह, डीडीओ एनबी सविता समेत क?
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। सीडीओ आरएन सिंह ने शनिवार को विकास भवन के द्वितीय तल का निरीक्षण किया। लघु सिंचाई की सहायक अभियंता शिखा सचान समेत कई कर्मी गायब मिले। सीडीओ ने सभी का वेतन रोक कर स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही कार्यालय का रखरखाव ठीक न मिलने पर संबंधित अफसर से जवाब-तलब किया है।
शनिवार सुबह 10 बजे सीडीओ आरएन सिंह ने अफसरों के साथ औचक निरीक्षण किया। वह सबसे पहले जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी भगीरथ यादव उपस्थित मिले। 26 नवंबर से नीति कुमार व अरविंद कुमार के रजिस्टर में हस्ताक्षर नहीं मिले। पूछने पर बताया कि वह फील्ड में हैं। सीडीओ ने कहा कि सभी कर्मी कार्यालय में उपस्थित होकर फील्ड पर जाएंगे। दोबारा गलती मिलने पर कार्रवाई होगी। जिला कार्यक्रम कार्यालय में वाहन चालक कमलेश अग्निहोत्री 20 फरवरी से गायब थे। सीडीओ ने डीपीओ से कहा कि बिना मेरी अनुमति के वेतन न दिया जाए। कुर्सी व अन्य रखरखाव दुरुस्त न मिलने पर डीपीओ से नाराजगी व्यक्त की। जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में लेखाकार ज्ञानेंद्र सिंह, राकेश कुमार शुक्ला, अवधेश अवस्थी का अवकाश स्वीकृत नहीं था। कार्यालय में प्रार्थना पत्र रखा मिला। इस पर सीडीओ ने नाराजगी व्यक्त की।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी के कार्यालय में नियाकत अली बिना स्वीकृत अवकाश के गायब थे। सीडीओ ने इनका वेतन काटने के लिए कहा। इस मौके पर डीडीओ एनबी सविता, डीपीआरओ जितेंद्र मिश्र समेत कई अफसर व कर्मी मौजूद रहे।