समाजवादी पार्टी मजदूर सभा के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को करेंसी संकट का मुद्दा उठाते हुए पीएम और वित्तमंत्री का पुतला फूंक कर नारेबाजी की। मोदी और जेटली मुर्दाबाद के नारे लगाए।
समधन नगर पंचायत में सपा मजदूर सभा जिलाध्यक्ष इरफान हुसैन के नेतृत्व में कार्यकर्ता सदर बाजार में एकत्र हो गए। सपा कार्यकर्ता मोदी मुर्दाबाद, अरुण जेटली मुर्दाबाद नारे लिखी पट्टिकाएं लेकर गुरसहायगंज फर्रुखाबाद मार्ग से होते हुए सर्व प्रथम ठाकुर द्वार पहुंचे, नगर पंचायत के कार्यालय होते हुए टेंपो स्टैंड तक मुर्दाबाद के नारे लगाते रहे। स्टैंड पर एकत्र सपाइयों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका।
इसके बाद मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष मोहम्मद इरफान ने कहा कि 500 व एक हजार की नोट बंदी से सबसे ज्यादा गरीब जनता परेशान है। अमीर लाइन में लगा दिखाई नहीं दे रहा है। रोजमर्रा की मेहनत मजदूरी कर कमाने-खाने वाले लोगों के सामने बच्चों के भरण पोषण की समस्या खड़ी हो गई है। समधन नगर पंचायत में सर्वाधिक भूमिहीन बीड़ी मजदूर हैं। जो बीड़ी बनाकर परिवार का पालन करते हैं।
आज उन्हें काम के बदले श्रमिकों को पैसा तक नहीं कंपनियों की ओर से नहीं दिया जा रहा है। उनके पास जो पांच सौ व एक हजार के नोट थे, वह बैंकों में जमा हो चुके हैं। उन्हें निकालने में बेहद परेशानी हो रही है। वहीं किसानों को अपनी फसलों का उचित दाम नोटबंदी के कारण मिलता दिखाई नहीं दे रहा है। जिन किसानों ने प्राइवेट ऋण लेकर आलू की फसल बुवाई आदि की थी। उनको अब व्यापारिक दाम भी मिलना कठिन लग रहा है।
सपा नगर अध्यक्ष गुफरान सिद्दीकी ने कहा कि सरकार की नोटबंदी के फैसला से गरीब जनता परेशान है। बैंकों में कैश न आने से उन्हें मुश्किल हो रही है। सरकार समय पर बैंकों में कैश मुहैया करा दे तो समस्या का समाधान हो सकता है। इस दौरान छात्र सभा जिलाध्यक्ष अनुज यादव, हाफिज अतीक, वसीम उर्फ लल्ला, हसरुद्दीन मास्टर, जहरुद्दीन, पप्पू सिद्दीकी, रिजवान, राशिद, अतीक हुसैन, नसीम आदि रहे।