कन्नौज। हर घर जल योजना के तहत पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कें कागजों में तो बनकर तैयार हो गईं पर धरातल पर हालात काफी खराब हैं। जिला प्रशासन की रिपोर्ट में भले ही पांच किलोमीटर सड़कें मरम्मत के लिए बाकी बताई जा रही हैं पर गांवों में हकीकत कुछ और ही है।
जिले भर में जल जीवन मिशन के तहत डेढ़ हजार किलोमीटर सड़कों को खोदकर पाइपलाइन डाली गई थी। काम पूरा होने के बाद सड़कों को फिर से ठीक करने की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था की थी। प्रशासनिक रिपोर्ट में अधिकांश सड़कों की मरम्मत पूरी होना दिखाया गया है पर मौके पर गड्ढे, कीचड़ और टूटी सड़कें ग्रामीणों की परेशानी का सबब हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़कें खोदने के बाद महज खानापूर्ति कर मिट्टी डाल दी गई।
छिबरामऊ, तालग्राम और सौरिख ब्लॉक के कई गांवों में सड़कें अब भी अधूरी पड़ी हैं। ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की पर सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से बिना काम पूरा किए ही भुगतान कर दिया गया। वहीं जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने डीएम से मौके पर जांच कराकर सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि उन्हें गंदगी और जलभराव से निजात मिल सके।
दृश्य:एक
फोटो:26: तालग्राम क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरायप्रयाग में खोदी गई सड़क। संवाद
आवागमन में दिक्कत, बीमारी फैलने का खतरा
विकासखंड तालग्राम के सरायप्रयाग में खोदी गई सड़क दो साल बाद भी बदहाल अवस्था में है। सड़क पर जलभराव गंदगी से ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कत होती है। बीमारी फैलने का खतरा है।
दृश्य: दो
फोटो:27: सिकंदरपुर के अंबेडकर नगर में पाइप लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क। संवाद
कई जगह सड़क उखड़ी पड़ी
कस्बे सिकंदरपुर के आंबेडकर नगर में पाइप लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क बदहाल है। कहीं-कहीं पर गिट्टी मसाला डाल दिया गया और कई जगह सड़क उखड़ी है।
-
दृश्य: तीन
फोटो:28: तिसौली पंचायत में पाइपलाइन बिछाने के समय खोदी गई सड़क। संवाद
सड़क और गलियों की मरम्मत नहीं कराई
ब्लॉक तालग्राम की तिसौली ग्राम पंचायत में पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क और गलियों की मरम्मत नहीं कराई गई है। इससे गांव के लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दृश्य: चार
फोटो:29: छिबरामऊ गंगेश्वर नाथ मंदिर रोड पर खुदी पड़ी सड़क। संवाद
विकासखंड छिबरामऊ के प्रसिद्ध गंगेश्वरनाथ मंदिर रोड पर पाइप लाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई सड़क अभी तक नहीं बनाई गई है। समस्या के चलते सड़क पर गड्ढे व जलभराव हो गया है। श्रद्धालुओं व आम नागरिकों को आवागमन में दिक्कत होती है।
वर्जन
शासन के निर्देश पर एक अक्तूबर से 10 नवंबर तक अभियान चलाकर पाइप लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। इसकी प्रतिदिन शासन स्तर से मॉनीटरिंग की जा रही है। साथ ही जिओ टैग के माध्यम से पोर्टल कार्य से पूर्व व कार्य के बाद का फोटो भी अपलोड किया जाएगा। 10 नवंबर के बाद उच्चाधिकारियों द्वारा जांच की जाएगी। जांच में कमी मिलने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। -अशोक कुमार राय, अधिशासी अभियंता जलनिगम, ग्रामीण