गोष्ठी को संबोधित करते जिला जज प्रदीप कुमार कंसल व मौजूद अधिवक्ता संघ अध्यक्ष।
- फोटो : अमर उजाला
कन्नौज। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में गुरुवार को जिला जज प्रदीप कुमार कंसल की अध्यक्षता में स्वच्छ पेयजल हमारा अधिकार की गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी में जिला जज प्रदीप कुमार कंसल ने कहा कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है, लेकिन विकास की अंधी दौड़ में पेयजल प्रदूषित हुआ है। गंगा-यमुना में टेनरियों आदि से प्रदूषण फैल रहा है।
इसके लिए सभी को जागरूक होना होगा, वरना एक दिन ऐसा आएगा कि शुद्ध पेयजल की उपलब्धता खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आगे भी जागरूकता गोष्ठी आयोजित करेगा। गोष्ठी को अपर जिला जज प्रथम सतेन्द्र कुमार, अपर जिला जज तृतीय संजीव तिवारी, अपर जिला जज चतुर्थ दिवाकर प्रसाद, अपर जिला जज/फास्ट ट्रैक न्यायाधीश प्रथम हितेन्द्र हरी, सीजेएम अमित प्रजापति, एसीजेएम अर्चना तिवारी, सिविल जज फास्ट ट्रैक दिनेश कुमार, बार एसोसिएशन अध्यक्ष विजय सारस्वत ने संबोधित किया। इस दौरान डा. बृजेश शुक्ल ने शुद्ध पेयजल के लाभ बताए। गोष्ठी में जनपद न्यायालय के कई अधिवक्ता मौजूद रहे।