कन्नौज। पूर्व एमएलसी नौशाद अली के ईंट भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों को धोखे से लखनऊ ले जाने व मजदूरों के रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दो ठेकेदारों के अलावा लखनऊ के एक भट्टा मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के अहमदपुर रौनी में पूर्व बसपा एमएलसी नौशाद अली का आयशा ब्रिक फील्ड के नाम से ईंट भट्टा है। जिसमें वाहपुर निवासी दिनेश कटियार सह मालिक है। रविवार को दिनेश कटियार ने सदर कोतवाली में ठेकेदार भगवान चौहान पुत्र हीरालाल निवासी जोधन विद्या शेखपुरा बिहार, ठेकेदार रामानंद निवासी वेलाच वरवीद्या शेखपुरा बिहार और न्यू हनुमंत कृपा ब्रिक फील्ड गोविंदनपुर मोहनलाल गंज लखनऊ के प्रबंधक हरवंश सिंह ठाकुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि अक्तूबर 2019 से मई 2020 तक ईंट पथाई के लिए ठेकेदार भगवान चौहान और रामानंद 25 मजदूरों को ले आए थे। जिनकी मजदूरी के नाम पर 25 लाख रुपये वह पहले दे चुके है। कुछ दिन पूर्व ठेकेदारों ने भट्ठा मालिक हरवंश सिंह ठाकुर से साठगांठ कर मजदूरों को उसके भट्ठे पर ले जाकर ईंट पाथने का काम शुरू करा दिया। कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।