तिर्वा। महिला के आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर एक युवक पर रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कह रही है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने न्यायालय को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि तीन माह पहले पत्नी घर पर अकेली थी। तभी अहिकारापुर गांव निवासी शशिकांत घर के अंदर घुस गया और मौत का भय दिखाकर पत्नी से दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया। आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आए दिन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। आरोपी की धमकी से परेशान होकर पत्नी ने घटना की जानकारी दी और सात अक्तूबर को आत्महत्या कर ली। आरोप है कि शशिकांत की प्रताड़ना से परेशान होकर उसकी पत्नी ने आत्महत्या की। मामले को लेकर पुलिस से शिकायत की पर कार्रवाई न होता देख न्यायालय की शरण ली। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।