तालग्राम। ब्लॉक के रनवा पंचायत के भोजापुर गांव में बना सार्वजनिक शौचालय बदहाल होने से ग्रामीणों ने सोमवार को नाराजगी जताई है। बदहाल शौचालय के पास ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जीर्णोद्धार की मांग की है। प्रधान ने कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया है।
भोजापुर गांव निवासी प्रदीप कुमार, ओमप्रकाश,बिरजू, विपिन राजपूत, बल्लू सविता, सौरभ बाबा, कंचन वर्मा समेत कई ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि गांव के सार्वजनिक शौचालय में मानकों का ध्यान नहीं रखा गया, जो कुछ सालों में ही बदहाल हो गया है। पानी की टोटियां टूटी हैं, छत बरसात में टपकती है। दीवारों का प्लास्टर भी टूट रहा है और फर्श भी खराब है। इस कारण ग्रामीणों को शौचालय का लाभ नहीं मिल रहा है। कई बार शिकायत की किसी भी अधिकारी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है। प्रधान स्नेहलता के प्रतिनिधि सरजू पाल का कहना है कि पूर्व प्रधान ने घटिया निर्माण कराया था। बदहाल होने के कारण पूर्ण रूप से जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। इसके लिए मौरंग और सीमेंट भी मंगा ली गई है। जल्द ही ग्रामीणों को शौचालय का लाभ मिलेगा।