कन्नौज। शहर के हाजीगंज मोहल्ले में शनिवार को राजस्थान पुलिस ने छापा मारा। इससे आसपास के लोगों में खलबली मच गई। जिला बारां कोतवाली से आई पुलिस टीम ने जैस्मीन मेहंदी कोन के कथित नकली निर्माण और पैकिंग की सूचना पर एक मकान में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में मेहंदी कोन और पैकिंग सामग्री मिलने की चर्चा रही।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के बारां कोतवाली के उपनिरीक्षक चंद्र भान सिंह, खेमराज और कांस्टेबल साकिब ने जैस्मीन मेहंदी कोन कंपनी के रेकी मैनेजर मुकेश चंद्र दुबे निवासी दयालबाग, आगरा के साथ हाजीगंज पहुंचे। टीम ने एक मकान में छापा मारकर जांच की तो वहां कथित रूप से जैस्मीन ब्रांड के नाम पर नकली मेहंदी कोन तैयार किए जाने के साक्ष्य मिले। छापेमारी के समय मकान मालिक मौके पर नहीं मिला। पुलिस ने वहां काम कर रहे पांच लोगों को हिरासत में लेकर तलैया पुलिस चौकी ले गई।
दो घंटे तक पूछताछ और जानकारी जुटाने के बाद सभी को छोड़ दिया गया। इसके बाद पुलिस ने संबंधित मकान को सील कर दिया। सूत्रों के मुताबिक मौके पर मिला माल लाखों रुपये का हो सकता है। हालांकि इसकी वास्तविक मात्रा और कीमत का आकलन अभी बाकी है। बताया जा रहा है कि राजस्थान पुलिस की टीम दोबारा कन्नौज आएगी और विस्तृत जांच के बाद बरामद सामग्री का मूल्यांकन कराया जाएगा। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे हाजीगंज इलाके में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार पहली बार किसी बाहरी राज्य की पुलिस ने इस तरह दबिश देकर कार्रवाई की है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।