जिला अस्पताल के बूथ पर कोरोना का टीका लगवाता पुलिस कर्मी।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। कोरोना से जंग जीतने के लिए गुरुवार को दूसरे चरण के चौथे दौर में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और पुलिस ने टीकाकरण कराया। जनपद के छह अस्पतालों के 14 बूथों पर टीकाकरण हुआ। 1557 फ्रंट लाइन वर्कर्स (पुलिस और स्वास्थ्य कर्मचारियों)को टीका लगना था। 1050 ही पहुंचे। इन्हें अगला टीका 18 मार्च को लगाया जाएगा।
गुरुवार को जिले के 14 बूथों पर कोरोना वैक्सीन लगाई गई। इनमें पुलिस कर्मी व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी शामिल रहे। जिला अस्पताल में पुलिस विभाग के सबसे अधिक कर्मियों ने कोरोना वैक्सीन लगवाई। महिला थाना इंस्पेक्टर पूनम अवस्थी की अगुवाई में महिला पुलिस कर्मी जिला अस्पताल पहुंचीं। यहां वैक्सीन लगवाने के बाद लोगों को प्रेरित किया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.गीतम सिंह ने बताया कि चिकित्सकों की निगरानी में टीका लगाया जा रहा है। जनहित में वैक्सीन लगवाना जरूरी है। शुक्रवार को चार स्वास्थ्य केंद्रों के 11 बूथों पर पूर्व निर्धारित 731 हेल्थ वर्कर्स को टीके की दूसरी डोज दी जाएगी। इन्हें 22 जनवरी को टीका लगाया जा चुका है। जिला वैक्सीन प्रभारी इरशाद बेग ने बताया कि चौथे चक्र में 1557 लोग पंजीकृत किए गए थे। 1050 ने टीका लगवाया। सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि जिले में चयनित अस्पतालों में कोरोना वैक्सीन लगवाने में लोग लापरवाही कर रहे हैं।