कन्नौज। कानपुर परिक्षेत्र के डीआईजी हरीश चंदर ने रविवार को पुलिस लाइन स्थित रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को शासन से निर्धारित मानकों के अनुसार सभी सुविधाएं और उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने अभ्यर्थियों के आधारभूत प्रशिक्षण के लिए चल रहे आरटीसी सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन में चल रहे रिक्रूट आरक्षियों के व्यवस्थापन तथा ट्रेनिंग की व्यवस्थाओं जैसे मैस, बैरक, स्नानघर, कक्षाओं का जायजा लेते हुए शारीरिक प्रशिक्षण एवं तकनीकी प्रशिक्षण पद्धतियों पर विशेष ध्यान देने के लिए निर्देशित किया।
डीआईजी ने पुलिस लाइन में गार्ड की सलामी लेकर एसपी विनोद कुमार के साथ आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती-2023 में चयनित व रिक्रूट आरक्षियों को ब्रीफ कर, प्रशिक्षण को सुचारू, व्यवस्थित व प्रभावी ढंग से संचालित तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता और कौशल विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए संबंधित को निर्देश दिए। ट्रेनिंग सेंटर पर रिक्रूट आरक्षियों के लिए शारीरिक प्रशिक्षण के साथ कानून और पुलिस की बुनियादी प्रक्रियाओं के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा। उनको पुलिस के कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
डीआईजी ने बताया कि प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षियों द्वारा प्रशिक्षण के दौरान कोई भी समस्या न होना बताया गया। उन्होंने सभी रिक्रूट आरक्षियों से कहा कि भविष्य में भी समस्या होने पर उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं। साथ ही मेहनत, अनुशासन व समर्पण के साथ उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक प्रताप अजेय, क्षेत्राधिकारी लाइन कुलवीर सिंह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सुखपाल सिंह, प्रभारी आरटीसी सहित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।