छिबरामऊ। मोहल्ला बस्तीराम शास्त्री नगर स्थित प्राचीन शिव मंदिर (वन खंडेश्वरनाथ) की जमीन पर कुछ लोगों ने दोबारा कब्जे का प्रयास किया। शिकायत पर पहुंची पुलिस ने अवैध को निर्माण कार्य रुकवा दिया। मोहल्ले के लोगों की शिकायत पर एसडीएम के निर्देश पर पुलिस पहले भी इस जमीन पर निर्माण कार्य को रुकवा चुकी है।
मोहल्ले के भाकियू (किसान) जिलाध्यक्ष राजा शुक्ला, युवा हिंदूवादी नेता पुनीत दुबे, गणेश शंकर शुक्ला, राकेश मिश्रा, ज्ञानेंद्र दुबे, लालू दुबे, शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि चकबंदी के दौरान मंदिर के लिए भूमि सुरक्षित की गई थी। इस जमीन पर कुछ लोग अवैध रूप से निर्माण कराकर कब्जे का प्रयास कर रहे हैं। एक फरवरी को अवैध कब्जे की शिकायत पर एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया था। रविवार को एक बार फिर इन लोगों ने निर्माण शुरू कर दिया है। मोहल्ले के लोगों ने पुलिस से शिकायत करते हुए अवैध निर्माण रुकवाए जाने व कब्जा धारकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि मंदिर की जमीन की पैमाइश कराई जाएगी। अवैध कब्जा मिलने पर कब्जा धारकों के खिलाफ कार्रवाई होगी। वहीं कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने पर पुलिस को भेजकर काम रुकवा दिया गया है। मंदिर की जमीन पर कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।