गुरसहायगंज(कन्नौज)। प्रेमिका से शादी के लिए युवक टॉवर पर चढ़ गया। वह शादी से मना करने पर नीचे कूदकर आत्महत्या की धमकी देेने लगा। प्रेमिका के हां कहने पर ही वह नीचे उतरा। इसके बाद पिटाई के डर से बेहोशी का नाटक करने लगा। करीब पंद्रह मिनट तक चले इस ड्रामे के दौरान टॉवर के नीचे लोगों की भीड़ लग गई। वहीं 15 दिन पहले युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते अपने शरीर पर धारदार हथियार से कई घाव कर लिए थे।
कस्बे के एक मोहल्ले में रहने वाले लाल मोहम्मद का 19 वर्षीय बेटा शानू मोहल्ले की सजातीय युवती से प्यार करता है। वह उससे शादी करने के लिए प्रस्ताव रख चुका है। युवती के परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। बताया गया कि इससे नाराज होकर उसने पांच मई को अपने शरीर पर धारदार हथियार से घाव कर लिए थे। इसके बाद भी युवती के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं हुए। बुधवार को युवक मोहल्ले के मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। उसके शोर मचाने पर लोगों का ध्यान उधर गया। इससे टॉवर के आसपास भीड़ लग गई। शानू युवती से शादी के लिए कह रहा था। ऐसा न होने पर टॉवर से कूदकर जान देने की धमकी दी। लोगों के समझाने पर वह नहीं माना।
इस दौरान मोहल्ले वालों ने युवती और उसके परिजनों को बुला लिया। युवती के शादी के लिए हां कहने पर वह उतर आया। नीचे उतरते ही पिटाई के डर से बेहोशी का नाटक करने लगा। इस दौरान पुलिस पहुंच गई। लोगों ने बताया कि दोनों के परिवारों के बीच शादी के लिए बातचीत हो रही है।