कन्नौज। प्रताड़ना से तंग आकर एक युवती ने प्रेमी के घर फांसी लगा ली। जानकारी पर कमरे की दीवार तोड़कर फंदे से नीचे उतारा गया। गंभीर हालत में प्रेमी अपने दो साथियों के साथ अस्पताल लेकर भागा। रास्ते में युवती की मौत हो गई। इससे घबराए युवक ने उसके शव को नाले में फेंक दिया। इसके बाद भाग गया। सुबह शव मिलने के बाद मृतका के पिता ने सदर कोतवाली में बेटी के प्रेमी और उसके दो साथियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और साक्ष्य छुपाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी अभी फरार हैं। इनकी तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम में फांसी से मौत होने की पुष्टि हुई है।
उन्नाव जनपद के गांव मलेपुर थाना बारासगवर निवासी राजबहादुर की 21 वर्षीय पुत्री शिवानी चार माह से सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव सदिकापुर निवासी राहुल कटियार पुत्र सुरेंद्र कटियार के यहां रह रही थी। राहुल ने युवती के पिता को फोन पर पुत्री को ले जाने के लिए कहा था। पिता के नागपुर में होने के कारण उन्होंने जल्द आने की बात कही थी। गुरुवार शाम वह पत्नी अंजना सिंह के साथ राहुल के घर सदिकापुर पहुंचे।
राहुल की मां रानी ने बताया कि शिवानी के माता-पिता उसे घर ले जाना चाहते थे। वह तैयार नहीं थी। उन्होंने और बेटे राहुल ने भी घर जाने के लिए कहा तो वह नाराज होकर कमरे में चली गई। अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। उन लोगों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया तो कोई आवाज नहीं आई। कमरे की दीवार तोड़कर किसी तरह अंदर पहुंचे। शिवानी फंदे पर लटकी थी। उसे नीचे उतारकर राहुल अस्पताल लेकर चला गया। सुबह शिवानी का शव नाले में पड़े होने की सूचना मिली।
उधर, शिवानी के पिता राजबहादुर ने आरोप लगाया कि राहुल उसकी बेटी का उत्पीड़न कर रहा था। इसी से तंग आकर उसने फांसी लगा ली। इसके बाद राहुल बेटी के शव को बाबा हाजी मोहल्ला स्थित नाले में फेंककर भाग गया। रातभर वह लोग कई अस्पतालों में बेटी को तलाशते रहे, पता नहीं चला। सुबह नाले में शव मिलने की जानकारी हुई तो मौके पर पहुंचे। शव की शिनाख्त की। सदर कोतवाली पुलिस ने शव नाले से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता ने सदर कोतवाली में राहुल व उनके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से मौत होने की बात सामने आई है। सदर कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि राहुल और उसके दो अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।