जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती मरीज।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। करीब दो माह से मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच डेंगू कहर बना हुआ है। स्वास्थ्य विभाग नगर पंचायत, नगर पालिका व सीएचसी, पीएचसी के माध्यम से डेंगू रोग के बचाव के लिए दवा का छिड़काव करा रहा है। इसके बावजूद अस्पतालों में डेंगू के रोगी कम नहीं हो रहे हैं। जिला अस्पताल में बनाए गए डेंगू वार्ड में तीन बेड हैं। कई दिनों से यह बेड फुल हैं। दूसरे मरीज को भर्ती के लिए वार्ड में जगह नहीं है। जिले में डेंगू रोगियों की संख्या बढ़कर 130 पहुंच चुकी है। छह लोग जान गंवा चुके हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े में डेंगू रोगियों की संख्या 91 है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जो मौतें हुई हैं, उनकी जांच रिपोर्ट आ गई है। इनकी अन्य रोगों से मौत हुई है।
डेंगू रोगियों की बढ़ रही संख्या को देखकर जिला प्रशासन चौकन्ना हुआ है। जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने पिछले दिनों बैठक कर स्वास्थ्य विभाग को डेंगू की रोकथाम के लिए माइक्रो प्लान तैयार करने के निर्देश दिए थे। मुख्य चिकित्साधिकारी कृष्ण स्वरूप ने बताया कि डेंगू रोगी बढ़ने के साथ ही सीएचसी, पीएचसी के स्टाफ को सतर्क किया जा चुका है। जहां भी वायरल बुखार व बीमारियों के फैलने की जानकारी मिलती है, टीम मरीजों का परीक्षण कर स्लाइड बनाती है। गंभीर रोगियों का मानीटरिंग कर इलाज किया जा रहा है। डेंगू से आम लोगों के बचाव के लिए रणनीति बनाई गई है। इसके तहत मंगलवार को आशा को लार्वी सायडल दवा दी जाएगी। दवा का ग्राम प्रधान के सहयोग से पूरे गांव में नालियों सहित अन्य स्थानों पर छिड़काव कराया जाएगा।
उधर, जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में मकरंदनगर निवासी कोमल (16) पुत्री अरविंद यादव, लीलापुर्वा निवासी सरोजनी (50) पत्नी रामदास, सरायमीरा निवासी राहुल (17) पुत्र शंकर मांझी कई दिनों से भर्ती हैं। इनका इलाज किया जा रहा है।