सड़क पर खड़े जुर्रापुर्वा गांव के लोग। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
ठठिया(कन्नौज)। शहीद के गांव में डीएम और एसपी के जाने की खबर पर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी। यह किशोर की मौत के मामले में जांच की मांग को लेकर हंगामा करने लगेे। डीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब शांत हुए।
थाना क्षेत्र के जुर्रापुर्वा निवासी योगेश कुमार का बेटा प्रांशू (15) 24 अक्तूबर को देर शाम साइकिल लेकर खेतों की तरफ गया था। बंसरा गांव के तालाब के किनारे उसकी साइकिल खड़ी मिली। साइकिल पर कपड़े रखे थे। परिजनों ने साइकिल देखकर तलाश शुरू की। तालाब में शव मिला था। परिजनों और ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन कर हत्या का आरोप लगाया था। कार्रवाई की मांग की थी। डीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीण घर चले आए थे।
गुरुवार को डीएम और एसपी के शहीद के गांव जाने की खबर पर जुर्रापुर्वा के ग्रामीण सड़क पर आ गए। डीएम और एसपी का काफिला रोककर प्रांशू की हत्या का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की। डीएम राकेश कुमार मिश्र और एसपी प्रशांत वर्मा के जल्द कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीणों ने अधिकारियों को जाने दिया।