कन्नौज। कोल्ड स्टोरेज से खराब आलू सड़क के किनारे फेंका जा रहा था जिसकी दुर्गंध से राहगीरों को परेशानी हाे रही थी। साथ ही, पर्यावरण को भी नुकसान हो रहा था। इस समस्या को संवाद न्यूज एजेंसी ने गंभीरता से लेते हुए गुरुवार के अंक में खबर प्रकाशित की। इस प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए कोल्ड स्टोर परिसर में कंपोस्ट पिट का निर्माण कराकर खराब आलू का निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला उद्यान अधिकारी सीपी अवस्थी, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनमोल राठौर, वन विभाग से सरफा हसन ने कोल्ड स्टोर से फेंके जा रहे सड़े और खराब आलू स्थानों का निरीक्षण किया। स्थिति को देखकर पता चला कि खराब आलू का निस्तारण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कोल्ड स्टोर संचालकों को निर्देशित किया कि सड़े एवं खराब आलू का निस्तारण कोल्ड स्टोर परिसर में ही कंपोस्ट पिट का निर्माण कर वैज्ञानिक एवं नियमानुसार किया जाए, जिससे पर्यावरण को होने वाली क्षति रोकी जा सके। उन्होंने बताया कि कोल्ड स्टोरेज संचालकों को सड़े एवं पुराने आलू के नियमानुसार निस्तारण के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। निर्देशों का पालन न किए जाने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।