छिबरामऊ(कन्नौज)। शराब के नशे में धुत दबंगों ने पूर्व विधायक के पुत्र की परचून दुकान पर पथराव कर दिया। इससे हड़कंप मच गया। जानकारी पर कोतवाल पुलिस बल के साथ पहुंच गए। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली। मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
मंगलवार देर शाम नगर के ताजपुर रोड स्थित पूर्व विधायक स्व. रामरतन पांडेय के पुत्र रमेश चंद्र पांडेय की दुकान पर मोहल्ले का एक युवक शराब के नशे में धुत होकर आया। वह गाली देने लगा। मौके पर मौजूद लोेगों ने बीच-बचाव कर दिया। थोड़ी देर में युवक अपने चार साथियों के साथ पहुंचा। उसने दुकान पर पथराव कर दिया। इससे हड़कंप मच गया। पथराव में दुकान का शीशा टूट गया।
अवनीश पांडेय ने बताया कि आरोपियों ने दुकान में रखे पांच हजार रुपये निकाल लिए। यह गालीगलौज करते हुए भाग गए। जानकारी पर प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। कोतवाल ने मौके का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से मामले की जानकारी ली। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
रमेश चंद्र पांडेय के पिता स्व. रामरतन पांडेय कांग्रेस से विधायक रहे थे। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि पथराव नहीं हुआ। दो-तीन पत्थर चलाए गए थे। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।