छिबरामऊ। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बुधवार को रिटायर्ड कैप्टन राजेंद्र सिंह के साथ मारपीट की घटना की सपा ने निंदा की है। सपा के पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव ने शुक्रवार को समर्थकों के साथ धमे का ताल मोहल्ला स्थित रिटायर्ड कैप्टन के घर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। साथ ही कहा कि सपा अब पूर्व कैप्टन के सम्मान की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि सपाइयों ने पुलिस अधिकारियों से रिटायर्ड कैप्टन के पास जाकर माफी मांगने की अपील की है।
पूर्व विधायक ने कहा कि देश की सेवा करने वालों के साथ पुलिस ने जो व्यवहार किया है वह अमानवीय और निंदनीय है। सैनिक देश के बार्डर पर खड़े होकर हम सभी की रक्षा करते हैं। उनके त्याग, बलिदान और समर्पण का मूल्य हमारी पुलिस उनके साथ मारपीट करके चुका रही है, यह शर्मनाक है। जिले के पुलिस अधिकारियों को रिटायर्ड कैप्टन के पाकर जाकर पुलिस कर्मी के व्यवहार के लिए माफी मांगनी चाहिए।
समाजवादी पार्टी हर कदम पर रिटायर्ड कैप्टन व उनके परिवार के साथ खड़ी है। इस दौरान बंटू सिंह, अमन अली, रीपू यादव, योगेंद्र सिंह, मुलायम सिंह, अंशू सिंह, अतीक अहमद, कौशल सिंह, करन जाटव, जय यादव, सत्येंद्र सिंह व अंकुर सिंह यादव आदि मौजूद रहे।