छिबरामऊ(कन्नौज)। विशुनगढ़ इलाके के ग्राम नगला डाड़ा में नेवी के शहीद जवान हरिओम की प्रतिमा का अनावरण करने आए उन्नाव से भाजपा सांसद डॉ. सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर अभद्र टिप्पणी कर गए। वहीं उन्होंने कहा कि वर्तमान में मोदी से बड़ा किसानों का हितैषी कोई नहीं है।
नगला डाड़ा गांव में शहीद हरिओम की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद डॉ. सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज ने खेती का खून, तीन काले कानून के राहुल गांधी के बयान पर कहा कि राजनीति की एबीसीडी न जानने वाले के शब्दों व प्रश्नों का उत्तर मैं नहीं दे सकता। भाजपा सरकार में किसानों को सम्मान निधि दी गई। फसल में नुकसान होने पर मुआवजा दिया गया। किसान कहीं आंदोलित नहीं हैं। आंदोलन प्रायोजित हैं। जिनके पैरों की मिट्टी खिसक गई, वह मोदी को घेरने का प्रयास कर रहे हैं। मामला किसान बिल का नहीं है। किसान बिल का बहाना लेकर ट्रिपल तलाक, अयोध्या के राम मंदिर, धारा 370, एनआरसी, सीएए का है। उन्होंने कहा कि मोदी ने जम्मू कश्मीर की जमीनों पर तिरंगा लहराया है। जम्मू-कश्मीर से पत्थरबाज गायब हो गए। वहां रामराज्य स्थापित हो गया। दिन-रात मेहनत कर वैज्ञानिकों ने वैक्सीन बनाई है। कुछ लोग इसे भाजपा की बताकर राजनीति कर रहे हैं। इस दौरान कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत, फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत, पूर्व सांसद प्रो. रामबख्श सिंह वर्मा, तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत, जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत, पूर्व जिपंस प्रमोद राजपूत, मुनीष मिश्रा, विपिन दुबे सहित कई लोग मौजूद रहे।
शहीद की प्रतिमा का भाजपा नेताओं ने किया अनावरण
नगला डाड़ा में शहीद हरिओम राजपूत की प्रतिमा का अनावरण पिता रामबहादुर उर्फ दामोदर सिंह, माता सुमन, उन्नाव सांसद साक्षी महाराज, फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत, तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत, पूर्व सांसद प्रो. रामबख्श सिंह वर्मा, एसपी प्रशांत वर्मा ने किया। इस दौरान बेटे की शहादत को याद कर पिता रामबहादुर वर्मा व मां सुमन की आंखों से आंसू छलक उठे। उन्होंने कहा कि बेटे की शहादत पर गर्व है। 20 जनवरी 2020 को कोलकाता के पोर्ट ब्लेयर बंदरगाह पर साथियों के साथ सर्च ऑपरेशन पर निकले हरिओम की नाव पलटने से मौत हो गई थी। वहीं ग्रामसभा विशुनगढ़ के प्रधान प्रतिनिधि अखिलेश राजपूत ने सभी नेताओं को प्रतीक चिह्न भेंट किया। भाजपा नेता रामबख्श लोधी ने सभी को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे।
दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एक मंच पर दिखे नेता
शहीद हरिओम की मूर्ति के अनावरण के दौरान नगला डाड़ा गांव में मंच पर भाजपा नेताओं की भीड़ थी। इसी मंच पर सपा नेता व पूर्व सांसद प्रो. रामबख्श सिंह वर्मा भी पहुंच गए। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद को श्रद्धांजलि दी।