कन्नौज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए तीन बड़ी जनसभाएं करेंगे। इसकी शुरुआत शनिवार को इत्र नगरी कन्नौज में हो रही है। यहां से वे बुंदेलखंड तक के मतदाताओं को साधेंगे। इसके अलावा पीएम 14 फरवरी को कानपुर देहात और 17 फरवरी को फतेहपुर के तूफानी दौरे पर हैं।
फिलहाल पीएम मोदी यूपी विधानसभा चुनाव की धुरी बन गए हैं। सीएम योगी से लेकर प्रत्याशी तक मोदी के नाम पर वोट मांग रहे हैं। पीएम भाजपा का प्रचार करने के लिए यूपी के ताबड़तोड़ दौरे पर रहेंगे। मोदी ने शनिवार को समाजवादी पार्टी का गढ़ कहे जाने वाले कन्नौज से बुुंदेलखंड के लिए अपना प्रचार अभियान शुरू करेंगे। सपा के गढ़ में अपनी ताकत का एहसास कराने के लिए भाजपा ने इत्र नगरी, औरैया, इटावा और फर्रुखाबाद की 10 सीटों के लिए संयुक्त रूप से जनसभा करने का फैसला लिया है। जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए लगातार कई पार्टी के बड़े नेता लगे हुए हैं।
भाजपा ने सपा के गढ़ को 2017 के विधानसभा चुनाव में जिले की तीन में दो सीट जीतने के बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में पूर्व सीएम अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को हराकर किले को दरका दिया है। अब बीजेपी मोदी के चेहरे के सहारे कन्नौज ही नहीं आसपास के जिलों से समाजवादी पार्टी का सफाया करने की उम्मीद पालकर एक रणनीति के तहत तिर्वा में पीएम की जनसभा को कराने का फैसला लिया है। (संवाद)