विशुनगढ़ (कन्नौज)। खाद की किल्लत के साथ नकली खाद का कारोबार भी चरम पर है। पुलिस को मंगलवार की देर रात को वाहन चेकिंग के दौरान कार में डीएपी की 600 खाली बोरियां मिली। पुलिस और कृषि विभाग का मानना है कि नकली खाद को भरने के लिए डीएपी की बोरियां जा रही हैं। दोनों विभाग इस मामले की जांच कर रहे हैं।
विशुनगढ़ थाना के प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम टीम के साथ मोहकमपुर की पुलिया पर रात में वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी छिबरामऊ की तरफ से ब्रेजा कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोककर उसकी तलाशी ली, तो उसमें डीएपी खाद की 600 खाली बोरियां मिली। इस पर पुलिस ने चालक को रोक लिया और मामले की सूचना कृषि विभाग के अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंचे उप कृषि निदेशक व जिला कृषि अधिकारी ने मामले की जांच की। अधिकारियों ने बताया कि यह बोरियां कहां से लाई गईं और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जांच की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।
जिला कृषि अधिकारी संतलाल गुप्ता ने बताया कि कार चालक से पूछताछ में उसने अपना नाम मैनपुरी जिले के थाना बेवर क्षेत्र के गांव जासमई निवासी मोनू पुत्र शैलेंद्र बताया है। अधिकारियों ने चालक से जानकारी मांगी कि वह बोरी कहां से लाया था और कहां लेकर जा रहा था। फिलहाल कार चालक से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह कार छिबरामऊ की तरफ से मैनपुरी के जासमई गांव जा रही थी। उप कृषि निदेशक संतोष कुमार ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। ब्रेजा कार को विशुनगढ़ थाने में खड़ा करा लिया गया है और खाली बोरियों को कृषि विभाग ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। मामला सही पाए जाने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।