मुख्य विकास अधिकारी उदयराज यादव ने आठों ब्लाकों के
बीडीओ को पत्र भेजकर मनरेगा योजना के तहत जिन श्रमिकों ने वित्तीय वर्ष
15-16 में 50 दिन या उससे अधिक दिन तक निर्माण कार्य किया है, उनका पंजीकरण
कराने के निर्देश दिए हैं।
इसके लिए 13 से 30 जनवरी तक मनरेगा श्रमिकों
के पंजीकरण के लिए कैंप भी लगाए जाएंगे। उपायुक्त श्रम रोजगार मनरेगा
इंद्रपाल सिंह ने बताया कि 13 जनवरी को विकास खंड कन्नौज, उमर्दा व
छिबरामऊ, 23 को तालग्राम, जलालाबाद, सौरिख और 30 जनवरी को हसेरन व गुगरापुर
में ब्लाक परिसर में कैंप लगेंगे।
सुबह 11 से शाम चार बजे तक मनरेगा
श्रमिकों का पंजीकरण किया जाएगा। इन शिविरों के आयोजन की व्यवस्था करने की
जिम्मेदारी बीडीओ को सौंपी गई है। श्रम प्रवर्तन अधिकारी व उनके अधीनस्थ
कर्मचारी मजदूरों का पंजीकरण करने संबंधी कागजी कार्यवाही पूर्ण करेंगे।
उन्होंने बताया कि 50 दिन का काम कर चुके श्रमिकों को पंजीकरण कराने के लिए
बीडीओ व सचिव प्रेरित करेंगे। कैंप के दौरान ग्राम पंचायत सचिव व
रोजगार सेवकों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। ऐसे श्रमिक जो 18 से 60 वर्ष की
आयु के हैं और उन्होंने पंजीकरण के समय मनरेगा योजना के तहत 50 अथवा उससे
अधिक दिनों तक निर्माण श्रमिक के रूप में काम किया है, वे पंजीकरण के लिए
पात्र हैं।
श्रमिक श्रम विभाग से मुफ्त पंजीकरण फार्म प्राप्त कर सकते हैं।
पंजीकरण फार्म के साथ दो फोटो, आयु प्रमाणपत्र, मनरेगा योजना के तहत 50
दिन या उससे अधिक दिनों तक कार्य करने का प्रमाणपत्र समेत 50 रुपये पंजीकरण
शुल्क व 50 रुपये एक वर्ष का अंशदान जमा करके पंजीकरण कराकर श्रमिक पहचान
पत्र प्राप्त कर सकते हैं।