गुरसहायगंज। भीषण गर्मी में लोगों को पेयजल किल्लत से भी जूझना पड़ रहा है। दो दिन पहले एक निजी कंपनी ने केबल डालने के लिए सड़क खोदाई के दौरान पेयजल पाइप लाइन क्षतिग्रस्त कर दी। इससे नगर पालिका के तकरीबन पांच मोहल्लों की जलापूर्ति ठप हो गई। टैंकरों से पानी भेजकर काम चलाया जा रहा है।
एक निजी मोबाइल कंपनी के कर्मचारी कस्बे में केबल डाल रहे थे। इसके लिए फुटपाथ पर कई जगह गड्ढे किए गए हैं। चकोर गली के सामने शुक्रवार की रात जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदा गया। जिससे पानी की आपूर्ति वाली पाइपलाइन ध्वस्त हो गई। हजारों लीटर पानी बह गया। घरों में गंदा पानी पहुंचने से लोगों ने इसकी शिकायत नगर पालिका में की। जिस पर जलकल लिपिक जनार्दन मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर पाइपलाइन को ठीक करवाने का काम शुरू किया।
शनिवार को पूरे दिन पानी न मिलने से मोहल्ला शास्त्री नगर, अशोक नगर, हमीद नगर, चकोर गली, इंदिरा नगर, पटेल नगर के लोग परेशान हो गए। लोगों ने समस्या से चेयरमैन मुन्नी देवी गुप्ता को अवगत कराया। जिस पर उन्होंने नगर पालिका से तत्काल पानी के टैंकर मोहल्ले में भेजे। टैंकर से पानी की आपूर्ति मिलने पर लोगों की भीड़ लग गई।
शनिवार की देर रात तक पानी टैंकर से मुख्य मार्ग पर बने मकानों तक पहुंचाया गया, लेकिन गलियों में बने घरों में पानी नहीं पहुंच पाने से लोग परेशान रहे। पाइपलाइन ठीक करने का काम पूरी रात चला, लेकिन रविवार को भी वह ठीक नहीं हो सकी। जिससे रविवार को भी टैंकर से पानी की आपूर्ति की गई।
इनसेट
मोबाइल कंपनी के कर्मियों पर की जाएगी कार्रवाई
बिना अनुमति गड्ढा खोदे जाने और पानी की पाइपलाइन टूट जाने के मामले में ईओ अनिल पंडित ने कहा कि निजी मोबाइल कंपनी के कर्मियों ने बिना अनुमति गड्ढा खोदा था। जिससे पानी की पाइपलाइन ध्वस्त हुई है। इस पर वह संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और पाइपलाइन ठीक करने में हुए खर्च की वसूली की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब तक पानी की आपूर्ति सामान्य नहीं हो जाती है तब तक टैंकर से आपूर्ति की जाएगी।