फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kannauj News: पिकअप ने बाइक में मारी टक्कर, दो की मौत, एक घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
सौरिख (कन्नौज)। सकरावा थाना क्षेत्र के नंदे नगरिया गांव के पास रविवार को तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में सीधी टक्कर मार दी। हादसे में तीनों बाइक सवार घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन निजी वाहनों से घायलों को सीएचसी सौरिख ले गए। वहां डाक्टर ने एक युवक और एक नाबालिग को मृत घोषित कर दिया जबकि तीसरे को प्राथमिक इलाज के बाद तिर्वा मेडिकल कालेज भेज दिया गया। युवकों की मौत से अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
विज्ञापन



मैनपुरी जिले के थाना किशनी अंतर्गत गांव ऊंचा इस्लामाबाद निवासी आकाश (23) बाइक से परिवार के ही योगेश (18) व आनंद कुमार (16) के साथ कस्बा सौरिख से कपड़े खरीदने आया था। दोपहर में खरीदारी कर तीनों एक ही बाइक से घर जा रहे थे। तभी सकरावा थाना क्षेत्र के चौकी दौलताबाद अंतर्गत ग्राम नंदे नगरिया के सामने कुसमरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में सीधी टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार आकाश, योगेश, आनंद गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजन तीनों को गंभीर हालत में निजी वाहनों से सीएचसी ले गए। वहां पर डॉक्टर ने योगेश व आनंद को मृत घोषित कर दिया। वहीं आकाश को गंभीर हालत में प्राथमिक इलाज के बाद तिर्वा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। युवकों की मौत से परिजनों में चीखपुकार मच गई।
सकरावा थानाध्यक्ष विनय शर्मा ने बताया कि दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। टक्कर मारकर भाग रही पिकअप को कब्जे में लेकर चौकी पर खड़ा करवा दिया गया है। चालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन



हेलमेट हुआ चकनाचूर

बाइक चला रहा आकाश हेलमेट लगाए था। भीषण भिड़ंत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हेलमेट चकनाचूर हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हेलमेट लगा होने के कारण आकाश की जान बच गई। बिना हेलमेट के पीछे बैठे आनंद व योगेश के गंभीर चोटें आने के कारण मौत हो गई।


लगन में शामिल होने के लिए करने गए थे खरीदारी

आकाश की बुआ की लड़की के लगन समारोह का आयोजन रविवार की शाम मैनपुरी के भोगांव कस्बे में होना था। इस कार्यक्रम में आकाश, योगेश व आनंद के परिवार आमंत्रित थे। भोगांव जाने से पहले आकाश, योगेश व आनंद कपड़े खरीदने सौरिख आए थे। खरीदारी के बाद तीनों घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार लोडर की चपेट में आ गए। योगेश व आनंद की मौत से पूरे परिवार में लगन कार्यक्रम में शामिल होने की खुशियां मातम में बदल गईं।


चार बहनों के बीच अकेला भाई था आनंद

हादसे का शिकार हुआ आनंद (16) चार बहनों के बीच अकेला था। उसकी मौत से पिता विनोद कुमार, मां सुनीता देवी, बहन मनु, आकांक्षा, अंजली व कामिनी का रो-रोकर हाल बेहाल था। वहीं, योगेश के पिता सुघर सिंह, मां सरोज देवी, बहन रश्मि, बड़ा भाई रवि भी बेसुध थे। दोनों युवक रामनगर के इंटर कालेज में कक्षा 11 के छात्र थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें