कन्नौज। पुरानी पेंशन बहाली सहित विभिन्न मांगों को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने शनिवार को केके इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र पर प्रदर्शन किया। परीक्षकों ने काली पट्टी बांधकर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया। परीक्षकों के प्रदर्शन के चलते उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन देरी से शुरू हो सका।
माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश संरक्षक श्रीकृष्ण यादव के नेतृत्व में जिलाध्यक्ष राजेश यादव, महामंत्री डॉ. महेंद्र कुमार भारती आदि परीक्षकों ने मूल्यांकन शुरू होने से पहले केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। पदाधिकारियों की मांग है कि पुरानी पेंशन बहाल की जाए। सेवा सुरक्षा संबंधी पूर्व चयन बोर्ड की धारा को यथावत लागू किया जाए। वित्तविहीन शिक्षकों को नियमित किया जाए एवं समान कार्य का समान वेतन दिया जाए। शिक्षकों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाए।
1052 परीक्षक रहे उपस्थित
प्रशासन की सख्ती के बाद भी परीक्षकों की उपस्थिति नहीं बढ़ रही है। दोनों मूल्यांकन केंद्रों पर 1706 परीक्षकों और उप प्रधान परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, जिसमें 1052 परीक्षक ही उपस्थित रहे। शनिवार को हाईस्कूल की 20798 और इंटर की 20448 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो सका। अब हाईस्कूल की 67,765 और इंटर की 77409 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शेष रह गया है।