कन्नौज। छात्र की हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार को एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पिता ने रंजिश में दो लोगों के खिलाफ पुत्र की हत्या कर शव फंदे पर लटकाने की तहरीर दी थी।
गांव तहसीपुर निवासी दयाराम को 13 वर्षीय का पुत्र गोलू उर्फ अरुण कक्षा छह का छात्र था। शुक्रवार दोपहर गोलू का शव फंदे से लटका मिला था। उसके घुटने जमीन में लग रहे थे। पिता दयाराम ने गांव के दो युवकों पर पुत्र की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाकर तहरीर दी। इसमें बताया कि गांव का युवक गांव परतीसपुर्वा निवासी साथी के साथ शुक्रवार को पुत्र को दोपहर 12 बजे साथ ले गए थे। इन लोगों ने ही रंजिश में पुत्र की हत्या की है। पुलिस ने गांव के युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस ने परिजनों से मोबाइल मांगा है। नंबर की सीडीआर निकालकर पुलिस कई अन्य तथ्यों की छानबीन करने तैयारी कर रही है। पुलिस का मानना है 13 वर्षीय छात्र चांदनी के पेड़ में रस्सी से फंदा नहीं लगा सकता है। एएसपी अजय कुमार ने बताया कि छात्र फंदे पर लटका मिला था। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। सभी तथ्यों पर छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी।
पैनल से कराया गया पोस्टमार्टम
छात्र के संदिग्ध हालात में फंदे पर लटका पाए जाने के मामले में पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। दो डॉक्टरों ने फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी के साथ पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस अधिकारी अग्रिम कार्रवाई करने का दावा कर रहे हैं।